दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात 'अकवान' के आंध्र प्रदेश और यनम तटों की तरफ बढ़ने के बीच 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
चक्रवात 'अकवान' का किन राज्यों पर असर?
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात 'अकवान' तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसके 19 नवंबर की दोपहर तक नेल्लोर और टुनी के बीच तट पार करने की आशंका है।
इस सिस्टम की वजह से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना और ओडिशा के तटीय जिलों में तेज बारिश हो सकती है। तटीय क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो बढ़कर 145 किमी/घंटा तक हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, कर्नाटक और अंडमान-निकोबार में भी बारिश की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में कितनी ठंड और कोहरे का असर?
राष्ट्रीय राजधानी में सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है। सोमवार को दिल्ली में इस सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब न्यूनतम तापमान गिरकर 11.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है। हालांकि 20 नवंबर तक दिन के वक्त आसमान साफ रहने और बारिश की संभावना न होने की बात कही गई है, लेकिन 22 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट जरूर बना हुआ है।
प्रदूषण के स्तर में क्या सुधार हुआ है?
तेज हवाओं के चलने से दिल्ली की हवा में आंशिक सुधार जरूर हुआ है। मंगलवार सुबह शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 213 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। इसी सुधार को देखते हुए प्रशासन ने ग्रैप का तीसरा चरण हटा दिया है।
हालांकि कुछ इलाके अब भी गंभीर स्थिति में हैं। उत्तम नगर में AQI 385 (बेहद खराब) दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में 292, बुराड़ी क्रॉसिंग में 286, DTU में 279 और ITO में 269 रिकॉर्ड किया गया। वहीं लोधी रोड और इंडिया गेट के आसपास हवा 'मध्यम' श्रेणी में है। एनसीआर के शहरों की बात करें तो गुरुग्राम में AQI 267 और फरीदाबाद में 256 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा (186) और गाजियाबाद (196) की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।
यूपी, बिहार और पहाड़ी राज्यों में क्या स्थिति है?
उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह और रात के समय कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में सुबह घना कोहरा देखने को मिल सकता है, हालांकि बारिश का कोई अनुमान नहीं है। वहीं बिहार में छठ के बाद मौसम में तेजी से बदलाव आया है और 21 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में तेज धूप खिल रही है, लेकिन सूरज ढलते ही चलने वाली ठंडी हवाओं से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर के बीच भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।





