महिंद्रा ने भारतीय बाजार में अपनी बहुप्रतीक्षित एसयूवी XUV 3XO का सीएनजी अवतार उतार दिया है। शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी गई है। बाजार में इसका सीधा मुकाबला टाटा नेक्सन सीएनजी और मारुति सुजुकी ब्रेजा सीएनजी से होगा।
यह मॉडल पेट्रोल, डीजल, इलेक्ट्रिक और सीएनजी के बाद चार अलग-अलग पावरट्रेन विकल्प देने वाली देश की दूसरी कार बन गई है। कंपनी ने इसे चार अलग-अलग वेरिएंट में पेश किया है।
किस वेरिएंट की क्या है कीमत?
ग्राहकों के बजट और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए महिंद्रा ने इसे चार ट्रिम्स में बांटा है। बेस मॉडल MX Edge की कीमत 9,99,000 रुपये है। इसके बाद RevX Edge (O) वेरिएंट 10,79,000 रुपये में आता है।
मिड-रेंज AX5 वेरिएंट की कीमत 11,19,000 रुपये तय की गई है। वहीं, सबसे महंगे टॉप-एंड RevX A वेरिएंट के लिए 12,27,000 रुपये चुकाने होंगे। (सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।)
इंजन और परफॉर्मेंस कैसी है?
बाजार में मौजूद ज्यादातर सीएनजी कारें नेचुरली एस्पिरेटेड इंजन के साथ आती हैं, लेकिन महिंद्रा ने इसमें 1.2-लीटर का टर्बो-पेट्रोल सीएनजी इंजन दिया है। सीएनजी मोड में भी यह मोटर 110 bhp की मैक्सिमम पावर और 200 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है।
टर्बो इंजन की बदौलत यह कार महज 11.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। कंपनी के मुताबिक, यह 24.70 किमी/किलोग्राम का माइलेज देती है। ड्राइविंग को आसान बनाने के लिए इसमें नॉर्मल, कंफर्ट और स्पोर्ट्स—तीन स्टीयरिंग मोड दिए गए हैं।
केबिन और फीचर्स में क्या खास है?
एक्सटीरियर लुक पेट्रोल मॉडल जैसा ही बोल्ड और आकर्षक रखा गया है। अंदर की तरफ प्रीमियम लेदरेट सीटें और फ्रंट आर्मरेस्ट दिए गए हैं।
मनोरंजन और कनेक्टिविटी के लिए इसमें 10.25-इंच की टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट स्क्रीन और इतना ही बड़ा 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। इसके अलावा इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन, हाइट-एडजस्टेबल फ्रंट सीट बेल्ट, रियर वाइपर, डॉल्बी एटमॉस ऑडियो सिस्टम और इस बजट में पैनोरमिक सनरूफ भी दी गई है।





