केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) 2026 के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी है। परीक्षा 12 और 13 दिसंबर 2026 को ऑफलाइन OMR मोड में दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को इस परीक्षा में शामिल होना है, वे आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर जाकर अपने परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। परीक्षा से ठीक पहले के इन दिनों में सही रणनीति अपनाकर तैयारी को मजबूत किया जा सकता है।
परीक्षा की तारीख और एडमिट कार्ड कब आएंगे?
बोर्ड के शेड्यूल के मुताबिक, सीटेट दिसंबर 2026 की परीक्षा 12 और 13 दिसंबर को होगी। यह परीक्षा कक्षा 1 से 5 के लिए 'पेपर I' और कक्षा 6 से 8 के लिए 'पेपर II' के रूप में आयोजित की जाती है।
आधिकारिक सूचना के अनुसार, एडमिट कार्ड परीक्षा से दो दिन पहले यानी 10 और 11 दिसंबर को जारी किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, बोर्ड ने तारीखों की अलग से आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड के साथ तय समय से दो घंटे पहले पहुंचना होगा।
सीटेट परीक्षा के लिए 7 दिन का स्टडी प्लान क्या है?
प्रतियोगी परीक्षाओं के विशेषज्ञ और कोचिंग टीचर रोहित वैद्यों ने अंतिम सप्ताह की तैयारी के लिए एक शेड्यूल सुझाया है। इस 7-दिवसीय प्लान के जरिए सिलेबस को समेटने में मदद मिल सकती है:
- पहला दिन: अपनी तैयारी की शुरुआत बाल विकास और शिक्षाशास्त्र (CDP पेडागोजी फाउंडेशन) से करें।
- दूसरा दिन: मैथ्स, साइंस, सोशल साइंस या अपने मुख्य विषय के अनुसार पढ़ाई पर ध्यान दें।
- तीसरा दिन: उन विषयों को चुनें जिनका परीक्षा में सबसे ज्यादा वेटेज होता है। इसी दिन पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों (PYQs) को हल करना शुरू करें।
- चौथा दिन: लैंग्वेज और उससे जुड़ी पेडागोजी पर पूरा फोकस रखें।
- पांचवां दिन: उन विषयों का रिवीजन करें जिन्हें आप सबसे ज्यादा कमजोर मानते हैं।
- छठा दिन: परीक्षा के पैटर्न को समझने के लिए कम से कम दो मॉक टेस्ट की प्रैक्टिस करें।
- सातवां दिन: आखिरी दिन पूरे सिलेबस का एक बार सरसरी नजर से रिवीजन जरूर करें।
अंतिम दिनों में किन बातों का रखना होगा ध्यान?
विशेषज्ञों के मुताबिक, परीक्षा के करीब आने पर पढ़ाई के घंटे बढ़ाने होते हैं। इन 7 दिनों में रोजाना 10 से 12 घंटे की पढ़ाई करने की सलाह दी गई है।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी रिपोर्टिंग निर्देशों का ध्यान से पालन करें। किसी भी तरह की फर्जी खबरों से बचने के लिए सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट ctet.nic.in पर ही नजर बनाए रखें।





