मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
राज्य समाचार

नगरपालिका चुनाव से पहले जिला कलेक्टर लोक बंधु पहुंचे पीसांगन,मतदान व्यवस्थाओं का लिया जायजा

प्रकाशित: Sep 08, 2026 16:00रिपोर्ट: Mr. Reporter

नगरपालिका पीसांगन के 25 वार्डों में बुधवार को होने वाले चुनाव के मध्यनजर मंगलवार को अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु पीसांगन पहुंचे। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर ने यहां स्ट्रांग रूम सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की बैठक भी ली।

जिला कलेक्टर ने सर्वप्रथम ईवीएम और मतदान सामग्री रखे जाने वाले स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, त्रिस्तरीय सुरक्षा और पुलिस जाब्ते की तैनाती को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्ट्रांग रूम में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे और 24 घंटे पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए।

इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने पीसांगन में मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल,प्रकाश,बैठने की व्यवस्था,शौचालय,रैंप और मतदाता सहायता केंद्रों की स्थिति को बारीकी से देखा। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के बाद जिला कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता की पालना सख्ती से कराई जाए। मतदान के दिन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मतदान दलों को समय पर बूथों तक पहुंचाने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और शिकायत निवारण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रशासन ने बताया कि 25 वार्डों के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि वे निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला,एसडीएम मोहनलाल चौधरी,एडिशनल एसपी ग्रामीण लालचंद कायल,डिप्टी नीरज गुप्ता,तहसीलदार अमित जिंदोलिया सहित राजस्व,पुलिस और नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।