SUN Pharma ने वापस लीं 11 नेत्र दवाएं: डिपोप्रेड और लोटेप्रेड समेत कई आई ड्रॉप्स बाजार से हटाईं, कंपनी ने बताई ये वजह
सन फार्मास्यूटिकल्स ने 17 जुलाई को जारी निर्देश के तहत डिपोप्रेड और लोटेप्रेड समेत 11 नेत्र उत्पादों (आई ड्रॉप्स) को बाजार से वापस लेना शुरू कर दिया है। कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताया है।
मुख्य बातें
- सन फार्मा ने 11 नेत्र उत्पादों को बाजार से वापस लिया
- यह निर्देश 17 जुलाई को जारी किया गया
- वापस ली गई दवाओं में डिपोप्रेड और लोटेप्रेड शामिल हैं
- कंपनी ने इसे एहतियाती कदम बताया है
सन फार्मास्यूटिकल्स ने अपनी डिस्ट्रीब्यूशन आर्म के निर्देश पर 11 नेत्र उत्पादों (ophthalmic products) को बाजार से वापस लेना शुरू कर दिया है। ट्रेड चैनलों को इन दवाओं की सप्लाई तुरंत रोकने और मौजूदा स्टॉक वापस मंगाने के निर्देश दिए गए हैं।
17 जुलाई को जारी इस कम्युनिकेशंस के दायरे में आने वाली इन दवाओं का इस्तेमाल मुख्य रूप से ग्लूकोमा, आंखों के संक्रमण और सर्जरी के बाद होने वाली सूजन के इलाज में किया जाता है।
बाजार से हटाई गईं प्रमुख दवाएं
वापस ली गई सूची में डिपोप्रेड 2ml, ब्रिनोलार (बीकेसी फ्री), ब्रिन्जोतिम आई ड्रॉप्स 5ml (बीकेसी फ्री), लोटेप्रेड 5ml, लोटेप्रेड 1% आई ड्रॉप्स 5ml और लोटेप्रेड एलएस 0.2% आई ड्रॉप्स 5ml शामिल हैं।
इसके अलावा लोटेप्रेड टी, नेपालाक्ट ओडी आई ड्रॉप्स 3ml, नेपालाक्ट-जेड, टोबा-एफ और नेपालाक्ट ई/डीडी 5ml को भी डिस्ट्रीब्यूशन चैनल से हटाया जा रहा है। ये सभी दवाएं देश भर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा व्यापक रूप से लिखी जाती हैं।
कंपनी का पक्ष और एहतियाती कदम
सन फार्मा के प्रवक्ता ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि कंपनी ने एहतियात के तौर पर इन नेत्र उत्पादों को स्वेच्छा से बाजार से वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रवक्ता ने कहा- "उत्पाद की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम है।" हालांकि, कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह कदम किसी मैन्युफैक्चरिंग या क्वालिटी इश्यू से जुड़ा है या नहीं।





