अचानक डाइटिंग शुरू करने या जिम में घंटों पसीना बहाने से पहले शरीर की अंदरूनी सेहत को समझना जरूरी होता है। सीके बिरला अस्पताल के इंटरनल मेडिसिन फिजिशियन डॉ. अमित प्रकाश सिंह के मुताबिक, वजन घटाने की यात्रा शुरू करने से पहले मेडिकल हिस्ट्री और कुछ जरूरी जांचों की सलाह दी जाती है, जिससे यह साफ हो सके कि शरीर में कोई छिपी हुई समस्या तो नहीं है।
मोटापा केवल शरीर पर फैट बढ़ने की बात नहीं है, बल्कि इसके साथ डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, फैटी लिवर और ब्लड प्रेशर का जोखिम भी जुड़ा होता है। आइए जानते हैं कि वजन कम करने से पहले कौन-सी मेडिकल जांचानी जरूरी हैं और इनसे क्या पता चलता है।
सीबीसी और एलएफटी से क्या पता चलता है?
CBC यानी Complete Blood Count एक सामान्य ब्लड टेस्ट है, जिसमें हीमोग्लोबिन, रेड और व्हाइट ब्लड सेल्स तथा प्लेटलेट्स की जांच की जाती है। इस जांच से शरीर में एनीमिया यानी खून की कमी का पता चलता है। यदि किसी को पहले से कमजोरी या सांस फूलने की समस्या है, तो बहुत कम कैलोरी वाली डाइट या भारी एक्सरसाइज भारी पड़ सकती है।
वहीं, शरीर में अतिरिक्त फैट जमा होने से लिवर पर भी असर पड़ सकता है, जिसे MASLD कहा जाता है। लिवर की सेहत समझने के लिए डॉक्टर LFT यानी Liver Function Test कराते हैं। इसमें ALT, AST और बिलीरुबिन जैसे मार्कर लिवर की कोशिकाओं को हुए नुकसान या दूसरी असामान्यताओं का संकेत देते हैं।
किडनी और ब्लड शुगर की स्थिति कैसे परखें?
मोटापा, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर का सीधा असर किडनी पर भी पड़ सकता है। किडनी शरीर से टॉक्सिन्स बाहर निकालती है, जिसकी कार्यक्षमता परखने के लिए KFT यानी किडनी फंक्शन टेस्ट कराया जाता है। इसमें सीरम क्रिएटिनिन और eGFR की जांच होती है, जिससे किडनी की फिल्टर करने की क्षमता का अनुमान लगता है।
इसके अलावा, पेट के आसपास फैट बढ़ने से इंसुलिन रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ता है। HbA1c यानी Glycated Hemoglobin टेस्ट से पिछले 2 से 3 महीनों के औसत ब्लड शुगर का पता चलता है, जिससे डॉक्टर को यह समझने में मदद मिलती है कि व्यक्ति को डायबिटीज या प्रीडायबिटीज का जोखिम है या नहीं।
महिलाओं में कब पड़ती है PCOS की जरूरत?
वजन बढ़ने के साथ यदि महिलाओं में अनियमित पीरियड्स, चेहरे पर बाल आना, मुंहासे या बाल झड़ने जैसी दिक्कतें हों, तो डॉक्टर PCOS यानी Polycystic Ovary Syndrome की जांच की सलाह देते हैं।
PCOS में हार्मोनल असंतुलन के कारण वजन नियंत्रित करना कठिन हो जाता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर लक्षणों के आधार पर हार्मोन से जुड़े ब्लड टेस्ट और पेल्विक अल्ट्रासाउंड कराते हैं, ताकि सही डाइट और एक्सरसाइज का सुरक्षित प्लान तैयार किया जा सके।





