मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
मध्य प्रदेश

सागर जिले की देवरी विधानसभा में सड़क और बिजली की समस्या को लेकर जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीण

प्रकाशित: Sep 08, 2026 17:21रिपोर्ट: Mr. Reporter

सागर जिले के देवरी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम पंचायत चिरचिटा सुखजू के ग्राम उमरखोय के ग्रामीण सड़क और बिजली की समस्या को लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर वर्षों से चली आ रही समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि नीमघाटी के ऊपर एनएच-44 से ग्राम उमरखोय तक पहुंचने वाला मार्ग पक्का नहीं होने के कारण बारिश में दलदल में तब्दील हो जाता है। सुरक्षित आवागमन का मार्ग नहीं होने से ग्रामीणों के साथ स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार खराब रास्ते के कारण आवागमन बाधित होने की स्थिति बन जाती है।

गांव में बिजली की समस्या भी बनी परेशानी

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने गांव में विद्युत व्यवस्था की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में नियमित रूप से बिजली नहीं आने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच-44 से उमरखोय तक पक्की सड़क का निर्माण कराने और गांव में सुचारू विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं का जल्द निराकरण कराने की गुहार लगाई।

तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से समस्या के निराकरण के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एनएच-44 पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से आंदोलन की स्थिति बनने से पहले ही सड़क और बिजली की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।