मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
आपणो राजस्थान

राजस्थान को मिलेगी 3 एयरपोर्ट की बड़ी सौगात

प्रकाशित: Jul 03, 2026 15:08रिपोर्ट: Monika Rathore

राजस्थान की हवाई कनेक्टिविटी अब एक बड़े बदलाव की ओर आगे बढ़ रही है। प्रदेश में जोधपुर, उदयपुर और बूंदी-कोटा से जुड़े तीन बड़े एयरपोर्ट प्रोजेक्ट अलग-अलग चरणों में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिनसे आने वाले वर्षों में हवाई यात्रा पहले से अधिक आसान, तेज और आधुनिक होने की उम्मीद जताई जा रही है। जोधपुर का नया अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल पूरी तरह तैयार हो चुका है और 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके लोकार्पण कर सकते हैं। करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टर्मिनल में आधुनिक चेक-इन सिस्टम, एयरोब्रिज, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, विशाल प्रतीक्षालय और यात्रियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं उदयपुर एयरपोर्ट पर 887 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नया इंटीग्रेटेड पैसेंजर टर्मिनल भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस परियोजना का करीब 72 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरी ओर 1,507 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा बूंदी-कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट भी तेजी से आकार ले रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर निर्माण कार्य लगातार जारी है और इसे नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। देशभर में चल रही 27 नागरिक उड्डयन और एयरपोर्ट अवसंरचना परियोजनाओं में राजस्थान की ये तीनों परियोजनाएं सबसे प्रमुख हैं। इनके पूरा होने से न केवल प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है बल्कि पर्यटन, उद्योग, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही लाखों यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर एयर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा और राजस्थान देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने वाला साबित होगा।