बलिदान दिवस पर अशोक गहलोत ने किया राजीव गाँधी को याद, बीजेपी पर बोला हमला
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गाँधी के बलिदान दिवस पर आज प्रदेश कांग्रेस द्वारा प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गाँधी भवन, जयपुर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रार्थना सभा में पं. जगदीश शर्मा ने भजन प्रस्तुत किए, सरदार मनिन्दर सिंह बग्गा ने गुरूबाणी का पाठ किया, कारी अब्दुल रशीद ने कुरान की आयतें पढ़ी तथा फादर विजयपाल ने बाईबल का पाठ किया।
गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गाँधी ने देश को 21वीं सदी में ले जाने का जो सपना देखा था और अपने सपने को पूर्ण करने हेतु जो योगदान दिया, उसी की परिणीति है कि हम आज के आधुनिक एवं विकसित भारत को देख रहे है। उन्होंने कहा कि स्व. श्री राजीव गाँधी ने देश के युवाओं को सरकार में भागीदारी देने के लिए 18 वर्ष की उम्र पर मत देने का अधिकार प्रदान कर देश के युवाओं को अपने सपनों के भारत का निर्माण करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास हेतु स्व. गाँधी ने पंचायती राज को कानून बनाकर गाँव-ढाणी में बैठे हुए लोगों को अपने विकास की योजनाएं बनाने एवं सरकार से लागू करवाने का अवसर प्रदान किया।
Jaipur News: कुमावत महापंचायत में OBC आरक्षण बढ़ाने की मांग
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गाँधी की शहादत का यह दिन कोई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता भूल नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पहले पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गाँधी की शहादत हुई उसके पश्चात् श्री राजीव गाँधी चले गए जो कि बहुत ही दु:खद घटना थी।
प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस अवसर पर कहा कि मुझे स्व. श्री राजीव गाँधी के साथ उनके मंत्रिमण्डल में काम करने का मौका मिला जो कि एक महत्वपूर्ण अनुभव है। उन्होंने कहा कि स्व. गाँधी ने 18 वर्ष की आयु वाले युवाओं को मताधिकार इस सोच के साथ प्रदान किया कि देश के सबसे बड़ा वर्ग जो कि युवा है उन्हें सरकार की नीतियों के निर्माण में भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को मताधिकार देने का विपक्षी पार्टी और अन्य दलों ने विरोध किया था किंतु स्व. श्री राजीव गाँधी ने युवाओं को मताधिकार देकर देश का भविष्य चुनने का अवसर प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को विदेशोंं में इसलिए सम्मान मिलता है कि वे गाँधी एवं नेहरू के देश जहाँ लोकतंत्र सबसे मजबूत है, के प्रधानमंत्री है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार गाँधी परिवार पर निशाना साधते रहते है जबकि पिछले 35 वर्ष से गाँधी परिवार का कोई सदस्य देश की किसी सरकार में शामिल नहीं रहा। उन्होंने कहा कि आज देश में जो आधारभूत ढांचा खड़ा है वह कांग्रेस की सरकारों की नीति एवं सिद्धान्त का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को नई युवा पीढ़ी को कांग्रेस की विचारधारा से जोडऩा होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिस प्रकार लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, संविधान की धज्जियाँ उड़ाई जा रही है तथा संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग किया जा रहा है, वह जनता के सामने उजागर करना होगा। उन्होंने कहा कि देश के सामने भयावह हालात है, देश किस दिशा में जा रहा है, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार से लोगों ने मन बनाना शुरू कर दिया है कि 2024 में केन्द्र की सत्ता से भाजपा को हटाना होगा।





