जयपुर ग्रेटर नगर निगम के पार्षदों के बीच जमकर हुई हाथापाई
जयपुर के ग्रेटर नगर निगम की साधारण सभा में जमकर हंगामा हुआ और बात हाथापाई तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि भाजपा और कांग्रेस पार्षद के बीच जमकर हाथापाई हुई है और इसके बाद दोनों ही पार्षदों को सदन से बाहर निकाल दिया गया।
बैठक में सफाई के मुद्दे को लेकर हंगामा हुआ था और इसके बाद पक्ष-विपक्ष के पार्षद नारेबाजी करते हुए वेल में आ पहुंचे। पार्षद हरीश शर्मा ने कहा कहा- सफाई अभियान प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू किया था और इसके बाद सभी ने झाड़ू उठाई। इस बयान पर कांग्रेस पार्षद हंगामा करने लगे।
इसके बाद बीजेपी पार्षद ने मोदी के नारे लगाए तो दूसरी तरफ कांग्रेस पार्षदों ने सीएम गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाए। हंगामा होता देख मेयर सौम्या गुर्जर ने सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित कर दी। इस पूरे घटना क्रम के बाद मेयर ने पहले प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास करवाकर सदन को एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
दरअसल प्रस्ताव संख्या एक पर चर्चा हो रही थी और भाजपा के पार्षद हरीश शर्मा सफाई के मुद्दे पर बोल रहे थे। तभी पार्षद शर्मा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर टिप्पणी कर दी। पार्षद की इस टिप्पणी से कांग्रेस के पार्षद भड़क गए और वे गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।





