मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
आपणो राजस्थान

प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में निभाए अपनी भागीदारी-बगड़ी

प्रकाशित: May 24, 2026 18:04रिपोर्ट: Mr. Reporter

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने “मेरा भारत–मेरा योगदान” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया। बगड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, ऊर्जा संकट और बढ़ती चुनौतियों के बीच देशवासियों को ईंधन एवं ऊर्जा की बचत, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और विदेशी मुद्रा संरक्षण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है।भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत डीजल, पेट्रोल एवं गैस की बचत के लिए कार पूलिंग को बढ़ावा देने, सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम उपयोग करने, ई-वाहनों को अपनाने, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस एवं वर्चुअल बैठकों को प्रोत्साहित करने तथा अनावश्यक वाहन उपयोग को कम करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। भाजपा संगठन के सभी कार्यालय ऊर्जा और ईंधन की खपत में 50 प्रतिशत तक बचत का लक्ष्य लेकर कार्य करेंगे। इसके साथ ही सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन को भी ऊर्जा संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए विदेशी पर्यटन की बजाय भारत में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना तथा स्थानीय उत्पादों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग और प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता “लोकल फॉर वोकल” अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल एवं बूथ स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर समाज के प्रत्येक वर्ग को इससे जोड़ा जाएगा। बगड़ी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने हेतु अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।