प्रसूता की मौत के बाद महिला डॉक्टर ने किया सुसाइड, IMA ने किया बंद का ऐलान
लालसोट में महिला डॉक्टर के सुसाइड का मामला अभी शांत होता नहीं दिख रहा है और इस घटना के बाद डॉक्टरों के अलग अलग संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान ने 24 घंटे बंद का एलान किया है। बुधवार सुबह 6 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी प्राइवेट अस्पताल में हड़ताल रहेगी और इमरजेंसी सेवा भी बंद रहेंगी।
इस फैलसे के बाद प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह से चरमा गयी है और प्रदेश के सभी अस्पतालों में इसका असर देखने को मिल रहा है। प्रसूता की दुखद मौत एक मेडिकल एक्सीडेंट है लेकिन इसमें जिस प्रकार से डॉक्टर को परेशान किया गया वह गलत है। डॉक्टर अर्चना शर्मा के सुसाइड नोट से लगता है कि वह बहुत ज्यादा दबाव में थी और इस वजह से ऐसा कदम उठाया है।
स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने डॉक्टर पर गलत धाराओं में केस दर्ज किया और इसके कारण मानसिक आघात से वह परेशान थी। आत्महत्या के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व पीड़ित परिवार को न्याय की मांग को लेकर IMA ने 24 घंटे काम बंद रखने का फैसला किया है।

दौसा जिले के लालसोट कस्बे के आनंद हॉस्पिटल में प्रसूता की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के डॉक्टर सुनित और उनकी पत्नी डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करवाया था। डॉक्टर सुनित ने आत्महत्या के लिए प्रेरित कराने की एफआईआर दर्ज कराई है जिसमें बीजेपी नेता बल्या जोशी और एक अखबार के पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।





