बिना एडिटिंग स्किल के अब मुफ्त में बनेंगे वीडियो, गूगल ने जेमिनी ओम्नी में जोड़े नए फीचर्स
गूगल ने जेमिनी ओम्नी और गूगल विड्स में नए एआई फीचर्स पेश किए हैं जिनकी मदद से यूजर्स बिना किसी प्रोफेशनल एडिटिंग स्किल के केवल टेक्स्ट प्रॉम्प्ट और इमेज रेफरेंस के जरिए 1080p क्वालिटी के वीडियो मुफ्त में तैयार कर सकते हैं।
बिना किसी प्रोफेशनल वीडियो एडिटिंग स्किल के अब सिर्फ टेक्स्ट कमांड से हाई-क्वालिटी वीडियो तैयार किए जा सकेंगे। गूगल ने जेमिनी ओम्नी और गूगल विड्स में नए एआई फीचर्स पेश किए हैं, जिनकी मदद से यूजर्स बिना शूटिंग या एडिटिंग के सीधे विजुअल्स तैयार कर सकते हैं। 23 सितंबर 2026 को सामने आए इन अपडेट्स के बाद से वीडियो क्रिएशन का तरीका काफी आसान हो गया है।
किन यूजर्स को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?
गूगल विड्स में जेमिनी ओम्नी के जरिए 1080p क्वालिटी के वीडियो पूरी तरह मुफ्त में बनाए जा सकते हैं। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा जिन्हें प्रीमियर प्रो या फाइनल कट प्रो जैसे जटिल एडिटिंग सॉफ्टवेयर की समझ नहीं है। यूजर्स केवल यह लिखकर बता सकते हैं कि वे स्क्रीन पर क्या देखना चाहते हैं और एआई उस टेक्स्ट प्रॉम्प्ट को समझकर वीडियो तैयार कर देता है।
आईडिया को और सटीक बनाने के लिए सिर्फ टेक्स्ट पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। यूजर्स चाहें तो किसी रफ स्केच या इमेज रेफरेंस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे विजुअल स्टाइल को समझने में एआई को आसानी होती है। इसके अलावा सोशल मीडिया, बिजनेस प्रेजेंटेशन या कम्युनिटी प्रोजेक्ट्स के लिए पहले से तैयार टेम्पलेट्स का विकल्प भी मिलता है।
तैयार होने के बाद कैसे बदल सकेंगे वीडियो?
वीडियो बन जाने के बाद भी नॉर्मल भाषा में कमांड देकर उसमें बदलाव किए जा सकते हैं। इसके लिए पूरी क्लिप को दोबारा जनरेट करने की जरूरत नहीं पड़ती।
बैकग्राउंड बदलना, लाइटिंग ठीक करना या कोई नया विजुअल इफेक्ट जोड़ना जैसे काम सिर्फ टेक्स्ट कमांड से हो जाते हैं। स्टेप-बाय-स्टेप एडिटिंग सपोर्ट होने की वजह से छोटे-छोटे करेक्शन तुरंत किए जा सकते हैं। गूगल के मुताबिक, पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एआई से तैयार हर क्लिप में एक डिजिटल वॉटरमार्क जोड़ा जाएगा ताकि दर्शकों को यह पता चल सके कि कंटेंट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बना है।
इस फीचर का इस्तेमाल कैसे शुरू करें?
गूगल विड्स पर वीडियो बनाने के लिए डेस्कटॉप ब्राउज़र में vids.new ओपन करना होता है। इसके बाद अपने प्रोजेक्ट का आइडिया लिखकर प्रॉम्प्ट देना होता है।
हालांकि, व्यक्तिगत अकाउंट्स पर जेमिनी एप्स के जरिए वीडियो जनरेशन का लाभ उठाने के लिए गूगल एआई प्लान की जरूरत होती है। साथ ही यह सुविधा 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है।




