मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
आपणो राजस्थान

140 करोड़ से बदलेगा जैसलमेर रेलवे स्टेशन!

प्रकाशित: Jul 16, 2026 18:14रिपोर्ट: Monika Rathore

राजस्थान के प्रमुख पर्यटन शहर जैसलमेर को शुक्रवार को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जैसलमेर रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिनमें उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के जैसलमेर, बाड़मेर और गोटन रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जैसलमेर रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया गया है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा। स्टेशन पर आधुनिक वेटिंग एरिया, बेहतर यात्री सुविधाएं, आकर्षक प्रवेश द्वार, अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर पार्किंग, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया गया है। पुनर्विकास के चलते स्टेशन की डिजाइन में जैसलमेर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी शामिल की गई है, ताकि आने वाले पर्यटकों को शहर की पहचान का अनुभव स्टेशन से ही हो सके।

लोकार्पण कार्यक्रम के अंदर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उनके साथ जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपतराम हिंगड़ा, जिलामंत्री कंवराज सिंह चौहान, भाजपा शहर अध्यक्ष अरुण पुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। रेलवे के अनुसार पुनर्विकसित स्टेशन से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जैसलमेर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी आधुनिक और सुविधाजनक रेलवे अनुभव मिलेगा। साथ ही यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली साबित होगी।