मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
आपणो राजस्थान

पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन की तैयारियां पूरी PM मोदी के दौरे पर हाई अलर्ट

प्रकाशित: Jul 02, 2026 12:37रिपोर्ट: Monika Rathore

राजस्थान की बहुप्रतीक्षित पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को दोपहर 12 बजे पचपदरा पहुंचकर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे और करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहने के बाद जोधपुर के लिए रवाना होंगे। हालांकि प्रधानमंत्री का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। कार्यक्रम स्थल, वीवीआईपी रूट और सुरक्षा व्यवस्था की माइक्रो प्लानिंग पूरी कर ली गई है, जबकि समारोह में करीब 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण जिलेभर के गांवों और शहरों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से होगा ताकि आमजन भी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकें। उद्घाटन से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी तैयारियों का जायजा लेंगे। वहीं प्रधानमंत्री के आगमन को पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ते हुए पूरे जिले में एक ही दिन 2.51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनकी जियो-टैगिंग कर निगरानी भी की जाएगी। इसके अलावा ईंधन बचत और हरित संदेश देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी पचपदरा से रिफाइनरी तक साइकिल रैली में हिस्सा लेंगे। जिला प्रशासन के मुताबिक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चूका है और कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए हर स्तर पर व्यापक इंतजाम कर दिए गए हैं।