मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
मध्य प्रदेश

जीरन में पहली बार निकली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

प्रकाशित: Jul 21, 2026 19:17रिपोर्ट: Mr. Reporter

नीमच जिले के जीरन नगर में पहली बार भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की आकर्षक सजी-धजी रथयात्रा बालाजी मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

विधि विधान से हुई पूजा अर्चना
शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती की गई। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का भव्य स्वागत किया गया। "जय जगन्नाथ" के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा नगर भक्तिरस में डूबा नजर आया। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए, जहां प्रसाद वितरण एवं जल सेवा की भी व्यवस्था की गई। शोभा यात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए बड़े गणपति मंदिर पहुंची जहां पर भगवान श्री जगन्नाथ जी की महा आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया इसी के साथ इस महाशोभा यात्रा का विसर्जन हुआ

शांति और खुशहाली की कामना

पारंपरिक वाद्ययंत्रों, डीजे और ढोल नगाड़ा के साथ धार्मिक ध्वजों और भक्ति गीतों के साथ निकली इस पहली रथयात्रा ने नगरवासियों के मन में गहरी श्रद्धा का संचार किया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ से नगर की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पहली बार आयोजित इस भव्य रथयात्रा ने जीरन के धार्मिक इतिहास में एक नई और यादगार शुरुआत दर्ज कर दी।