मुख्य समाचार पर जाएं
हिंदी समाचार · नवतेज टीवी
राजस्थान न्यूज़जयपुर की खबरसीकर समाचारआज राजस्थान में क्या हुआ?कोटा की खबर
नवतेज टीवी
☰ समाचार श्रेणियां
मध्य प्रदेश

जीरन के दलपतपुरा में तलवार से जानलेवा हमला

प्रकाशित: Aug 30, 2026 17:01रिपोर्ट: Mr. Reporter

नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम दलपतपुरा में गुरुवार रात करीब 8 बजे आपसी रंजिश को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक युवक ने दूसरे व्यक्ति पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जिस व्यक्ति को निशाना बनाया गया था, वह तो बच गया, लेकिन उसके पास बैठे उसके मामा को तलवार का वार लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार दलपतपुरा निवासी रमेश पिता प्रभुलाल भील, उम्र 35 वर्ष, ने गणेश पिता जगदीश भील पर तलवार से हमला करने की नीयत से वार किया। इसी दौरान गणेश के पास बैठे उसके मामा बंसीलाल पिता रामलाल भील, उम्र 40 वर्ष, तलवार के वार की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी रमेश मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बंसीलाल को उपचार के लिए जीरन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। नीमच में उपचार के दौरान हालत गंभीर बनी रहने पर चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे उदयपुर सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां वर्तमान में बंसीलाल का उपचार जारी है।जीरन पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर आरोपी रमेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 118(1), 296, 351(3) एवं 109 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।फिलहाल हमले के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं वारदात के बाद से फरार आरोपी रमेश की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि रात करीब 8 बजे दलपतपुरा में हमले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल व्यक्ति को अस्पताल भेजा गया है। हमला करने वाला रमेश मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।