Sunday, 4 October 2026
अभी का दौर

अजमेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो

आपणो राजस्थान
अजमेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो

 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर में रोड शो कर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसमर्थन जुटाया। उन्होंने कहा कि अजमेर में उमड़ा जनसैलाब पिछले ढाई वर्षों में राजस्थान में हुए विकास कार्यों के प्रति जनता के विश्वास और उत्साह को दर्शाता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश के विकास को गति दी है और अब निकायों में भाजपा को मजबूत जनादेश मिलने से विकास की यह रफ्तार और तेज होगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहती है। यही कारण है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव के दौरान जारी संकल्प पत्र में किए गए वादों में से 78 प्रतिशत कार्य ढाई वर्ष के भीतर पूरे किए जा चुके हैं। राजस्थान में पानी की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक काम हुआ है और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दशकों से अटकी योजनाएं अब धरातल पर उतर रही हैं। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता, देवास योजना, ब्राह्मणी-बनास से बीसलपुर तक पानी लाने जैसे कार्यों से प्रदेश के जल संसाधनों को मजबूत किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि राजस्थान बिजली के क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वर्तमान में 26 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति की जा रही है। वहीं, राजस्थान अब दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि बिजली के साथ ही रोडवेज और डेयरी को भी हमारे सरकार ने घाटे से निकालकर मजबूत किया है। इसके अलावा पेपर लीक माफिया पर नकेल कसते हुए सरकार ने करीब 1 लाख 88 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी हैं, जबकि करीब 1 लाख 22 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और लगभग 70 हजार पदों की वैकेंसी निकाली जा चुकी है। 

रोड शो के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए सभी से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने एवं सभी निकायों में भाजपा का बोर्ड बनाने का आह्वान किया।

इस दौरान केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी, राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष श्री अरुण चतुर्वेदी, जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत, विधायक अनिता भदेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।