Monday, 5 October 2026
अभी का दौर

इंदौर में फ्लाईओवर निर्माण की रफ्तार तेज

मध्य प्रदेश
इंदौर में फ्लाईओवर निर्माण की रफ्तार तेज

इंदौर शहर में तेजी से चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों को लेकर प्रशासन अब ट्रैफिक व्यवस्था और आमजन की सुविधा पर विशेष फोकस कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने अधिकारियों के साथ आईटी पार्क क्षेत्र सहित शहर के विभिन्न निर्माणाधीन फ्लाईओवर स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और ट्रैफिक प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, साथ ही जहां-जहां फ्लाईओवर निर्माण के कारण सड़कों का डायवर्जन किया गया है, वहां वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए। मीडिया से चर्चा करते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि शहर में चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्य अगले लगभग छह महीने तक जारी रहेंगे। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी डायवर्जन मार्गों पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि दिन के साथ-साथ रात में भी वाहन चालकों को किसी तरह की दिक्कत न हो। कलेक्टर ने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर सर्विस रोड उपलब्ध हैं, वहां उनका तत्काल दुरुस्तीकरण कराया जाए, ताकि वैकल्पिक मार्गों पर यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसके अलावा निर्माण एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने, निर्माण सामग्री को व्यवस्थित रखने और कार्यस्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, प्रशासन का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, यात्रा अधिक सुगम होगी और लोगों को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी।