Monday, 5 October 2026
अभी का दौर

खून से लथपथ अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी

संक्षेप में

खरगोन-बरुड़ मार्ग स्थित श्रीहरि मुक्तिधाम में अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। पुलिस और एफएसएल टीम ने जांच शुरू कर दी है, हत्या की आशंका जताई जा रही है।

क्राइम
 खून से लथपथ अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी


 खरगोन-बरुड़ मार्ग स्थित श्रीहरि मुक्तिधाम में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, वहीं सूचना मिलने पर बरुड़ पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने मुक्तिधाम के प्रवेश द्वार के बाहर लगी आरसीसी सीमेंट की बैरिकेड पर खून के निशान देखे। इसके बाद जब पुलिस टीम मुक्तिधाम के अंदर पहुंची तो प्रवेश द्वार से लगभग 300 फीट दूर दाह संस्कार स्थल के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव पूरी तरह खून से लथपथ था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।घटना की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के कुछ कपड़े एवं अन्य सामान जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि मृतक के शरीर से काफी मात्रा में रक्त बह चुका था।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक मुक्तिधाम तक कैसे पहुंचा तथा घटना के पीछे क्या कारण रहे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।