राम रहीम की पैरोल को लेकर अब तक सिर्फ हरियाणा कनेक्शन ही नजर आ रहा था। चर्चा थी कि राम रहीम को इसी वजह से 40 दिनों की पैरोल दी गई थी लेकिन हिमाचल कनेक्शन ने सभी को हैरान कर दिया है।
राजनीतिक गलियारों में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम का हिमाचल प्रदेश चुनाव से पैरोल कनेक्शन अब सामने आ गया है। राम रहीम के ऑनलाइन सत्संग के दरबार में हिमाचल की भाजपा सरकार के परिवहन मंत्री आशीर्वाद लेने पहुंचे। मंत्री बिक्रम ठाकुर जसवा-परागपुर से विधायक हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि "मैं स्थानीय विधायक और मंत्री हूं। मैं आपका आशीर्वाद लेने आया हूं।आप पंजाब और हरियाणा में जिस तरह नेक काम कर रहे हैं, उससे बड़ा कुछ नहीं हो सकता। हिमाचल के लोग आपके दर्शन करें और आपके विचार सुनते रहें"
इन आरोपों में सजा काट रहा राम रहिम
इस पर राम रहीम ने भी जवाब दिया कि मैं हिमाचल के कोने-कोने में गया हूं। अब तक 135 सत्संग हो चुके हैं। कुजनवाल एक जगह थी, वहां कोई नहीं जाता था, मैं भी वहां गया था। हिमाचल प्रदेश के लोग बहुत प्यारे हैं। राम रहीम साध्वी यौन शोषण, पत्रकार छत्रपति और रंजीत हत्याकांड में रोहतक की सुनारिया जेल में कैद की सजा काट रहा है।
40 दिनों की पैरोल का कारण आया सामने
आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं, हरियाणा में भी पंचायत चुनाव हो रहे हैं। राम रहीम की पैरोल को लेकर अब तक सिर्फ हरियाणा कनेक्शन ही नजर आ रहा था। चर्चा थी कि राम रहीम को इसी वजह से 40 दिनों की पैरोल दी गई थी लेकिन हिमाचल कनेक्शन ने सभी को हैरान कर दिया है।
बच्चा पैदा करने के लिए बलात्कारी पैरोल पर बाहर, 15 दिन रहेगा पत्नी के साथ!
नियमानुसार मिली पैरोल- सीएम मनोहर
राम रहीम के ऑनलाइन सत्संग में हरियाणा भाजपा के नेता आशीर्वाद ले रहे हैं। सत्संग में पहले करनाल की मेयर रेणुबाला ने शिरकत की। उसके बाद डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा और हिसार के मेयर गौतम सरदाना की पत्नी ने सत्संग में राम रहीम का आशीर्वाद लिया। राम रहीम के सत्संग में राजस्थान के एक सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री भी नतमस्तक हुए हैं। हालांकि, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। राम रहीम को नियमानुसार पैरोल मिली।
राम रहीम के दरबार में बीजेपी का सजदा
डेरा सच्चा सौदा सिरसा की राजनीतिक शाखा अब तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली चुनावों में उम्मीदवारों का समर्थन करती रही है। चर्चा है कि पिछले कुछ वर्षों से राजनीतिक विंग का झुकाव भाजपा सरकार की ओर है। अब हिमाचल की बीजेपी सरकार राम रहीम के दरबार में सजदा कर रही है। जिसके बाद राम रहीम ने चौथे राज्य में प्रवेश किया है।
राम रहीम की भक्ति में लीन हरियाणा सरकार- स्वाति मालीवाल
राम रहीम की पैरोल को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल विरोध में उतर आई हैं। स्वाति मालीवाल ने हरियाणा सरकार को राम रहीम की भक्ति में लीन बताया है। राम रहीम को रेपिस्ट बताते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि वो कातिल और रेपिस्ट है। हरियाणा सरकार जब चाहे उसे पैरोल पर छोड़ देती है। वह पैरोल में प्रवचन और गीत बनाता है और हरियाणा सरकार के कुछ नेता ताली बजाते हैं, भक्ति में लीन हैं। हरियाणा सरकार को गुरमीत की पैरोल तुरंत खत्म करनी चाहिए।
