साल 2022 में पंजाब चुनाव से पहले बीजेपी के साथ गठबंधन का ऐलान कर चुकी पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की है। दोनों पार्टियों ने गठबंधन का ऐलान तो कर दिया था लेकिन सीट बंटवारे को लेकर अभी तक कुछ नहीं कहा था और अब माना जा रहा है कि कैप्टन और शाह के मध्य सीटों के बंटवारे को लेकर बात हो सकती है।
शिरोमणि अकाली दल से अलग होने के बाद बीजेपी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ती आ रही है लेकिन इस बार उसे नया साथी मिला है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय मंत्री और पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात के बाद गठबंधन का ऐलान किया था।
पंजाब में इस बार बीजेपी बड़े भाई' की भूमिका अदा करेगी। विधानसभा की 117 सीटों में लगभग बीजेपी 50 से 70 सीट अपने पास रखेगी और कैप्टन की पार्टी को 30-40 और ढींढसा की पार्टी को 15-20 सीटें देगी। पंजाब पहले अकाली बड़े भाई की भूमिका में होता था लेकिन एनडीए से अलग होने के बाद बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ रही थी और उसे इसका फायदा भी मिलता दिख रहा है।
विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी और कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। चडीगढ़ नगर निगम चुनाव में आप ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। चंडीगढ़ नगर निगम में की 35 सीटों में से आम आदमी पार्टी 15, बीजेपी 10, कांग्रेस 5 और अकाली दल को एक सीट पर जीत मिल चुकी है। इन परिणामों की बात करें तो आप पार्टी को बड़ा फायदा मिलता दिख रहा है चुनावों से पहले और बीजेपी को बड़ा झटका लगा है।
