प्रवर्तन निदेशालय द्वारा, नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र के मुख्यालय सहित अन्य परिसरों पर की गई छापेमारी की सीएम गहलोत ने जमकर आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यवाही से केंद्र सरकार की बौखलाहट साफ तौर पर नजर आ रही है। केंद्र सरकार ईडी के माध्यम से कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश कर रही है लेकिन हमारी पार्टी गांधीवादी पार्टी है और अंत में सच्चाई की जीत होगी।
सीएम गहलोत ने मोदी सरकार की गिनाई खामियां और बताया लोकतंत्र के लिए खतरा
गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा ईडी द्वारा हेराल्ड हाउस पर छापेमारी केंद्र सरकार की बौखलाहट का प्रतीक है। कांग्रेस नेता, सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी को पूछताछ के नाम पर प्रताड़ित करने के बाद ईडी अब स्वयं को शर्मिंदगी से बचाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है।
गहलोत ने लिखा कि इस पूरे मामले में धन का कोई लेन देन ही नहीं हुआ, तो धन शोधन कैसे हो सकता है, ईडी ने जुलाई 2015 में इस मामले को बंद कर दिया था परन्तु केंद्र सरकार ने उस समय के जांच अधिकारी का तबादला कर नए अधिकारियों पर दबाव डाला और बदले की भावना के तहत कार्रवाई शुरू की।
