पंजाब में कैप्टन की नई पारी का आगाज
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आखिरकार कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे ही दिया और इसके साथ कैप्टन ने अपनी नयी पारी का भी आगाज कर दिया। कैप्टन ने ऐलान किया कि वह आने वाले चुनावों में अपनी नई पार्टी जिसका नाम पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) रखा है के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे। कैप्टन के तेवर पहले की तरह ही नजर आया उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिद्धू पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा- सिद्धू को लेकर जो निर्णय लिया है उसके लिए पार्टी को एक दिन पछतावा होगा।
आपको बता दें कि कैप्टन ने सीएम पद से इस्तीफा देने के साथ ही यह साफ कर दिया था कि वह अभी किसी भी कीमत पर कांग्रेस में नहीं रहेंगे और पंजाब की रक्षा को ध्यान में रखते हुए देश विरोधी ताकतों को जवाब देंगे। कैप्टन का पार्टी छोड़कर जाना कांग्रेस के लिए कितना नुकसानदायक होगा यह आने वाले विधानसभा चुनावों में पता चलेगा लेकिन कैप्टन से पहले कई राज्यों में कांग्रेस के बड़े नेता कांग्रेस आलाकमान की कार्यशैली को लेकर खड़े करते हुए पार्टी छोड़ रहे हैं।
पिछले चुनावों में पंजाब में कांग्रेस को जीत दिलाने में सबसे अहम रोल कैप्टन का ही रहा था लेकिन पार्टी में जिस तरह की राजनीति हो रही है उसे देखते हुए कांग्रेस को 2022 में होने वाले चुनावों कैप्टन की कमी जरूर खलेगी। नयी पार्टी ऐलान के बाद कैप्टन ने कह दिया है कि वह किसानों की मांगों को लेकर केन्द्र सरकार से बात कर रहे है और अगर आने वाले दिनों में किसानों की समस्या का समाधान होता है तो वह पंजाब में बीजेपी से गठबंधन करने में ज्यादा सोच विचार नहीं करेंगे।





